बाबा रणजीत की प्रभातफेरी में उमड़ा जनसैलाब, 5 लाख श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

✎ आकाशदीप की रिपोर्ट

इंदौर के पश्चिम क्षेत्र स्थित प्राचीन एवं आस्था के केंद्र रणजीत हनुमान मंदिर से शुक्रवार तड़के भव्य प्रभातफेरी की शुरुआत हुई। तड़के सुबह निकली इस पावन यात्रा में श्रद्धालुओं का विशाल जनसमूह उमड़ पड़ा और पूरा मार्ग भक्ति, उत्साह और जयकारों से गूंज उठा।

प्रभातफेरी रणजीत हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर द्रविड़ नगर, रणजीत हनुमान रोड, महूनाका चौराहा, अन्नपूर्णा रोड, महावर नगर, उषा नगर चौराहा होते हुए दशहरा मैदान सामने स्थित गंगेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंची। इसके बाद यात्रा नरेंद्र तिवारी मार्ग और आदित्य नर्सिंग होम के पास से वापस रणजीत हनुमान मंदिर पर आकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर भक्तों की भारी मौजूदगी ने इसे एक भव्य और अविस्मरणीय आयोजन बना दिया।

पंडित दीपेश व्यास ने बताया की फूटी कोठी रोड पर स्थित रणजीत हनुमान मंदिर, मध्य प्रदेश का अत्यंत प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। आधुनिक शहर के बीच स्थित यह दिव्य मंदिर अपनी गहरी आस्था और चमत्कारिक महिमा के लिए दूर-दूर तक जाना जाता है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते है, जबकि मंगलवार और शनिवार को विशेष आरती के समय मंदिर परिसर आध्यात्मिक उत्साह से भर उठता है।

मंदिर की विशेष पहचान है यहां विराजमान भगवान हनुमान की दुर्लभ वीर प्रतिमा। इस अद्वितीय स्वरूप में प्रभु हनुमान हाथ में तलवार और ढाल लिए वीर मुद्रा में खड़े दिखाई देते है। प्रतिमा के चरणों में स्थापित अहिरावण का स्वरूप इसे और भी विशिष्ट बनाता है। हालांकि इस प्रतिमा के ऐतिहासिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं, परंतु इसका तेजस्वी रूप किसी प्राचीन युद्धकथा से जुड़े होने का आभास कराता है।

Previous Post Next Post